ईरान की रेड क्रीसेंट सोसाइटी की ओर से मानवताप्रेमी सहायता लेकर पानी का एक जहाज़ रविवार को यमन रवाना हो गया है।
इस जहाज़ से ढाई हज़ार टन मानवताप्रेमी सहायता भेजी जा रही है। ईरान की ओर से यमन को भेजी जाने वाली मानवताप्रेमी सहायता में 1200 टन चावल, 700 टन आटा, 400 टन डिब्बाबंद खाद्य सामग्री, 50 टन दवाएं, 50 टन मिनरल वाटर, 2000 कंबल, 1000 टैंट तथा कुछ अन्य सामग्री सम्मिलित है। इस जहाज़ पर 60 यात्री सवार हैं जिनमें 15 का संबन्ध मेडिकल टीम तथा रेड क्रीसेंट से है, 20 पत्रकार और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की हस्तियां, 5 सुरक्षाकर्मी तथा चालक दल के 20सदस्य हैं। यमन जाने वाले इस जहाज़ पर एक फ़्रांसीसी, एक जर्मन और पांच अमरीकी युद्ध विरोधी कार्यकर्ता सवार हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले और यमन पर सऊदी अरब के आक्रमण के बाद से ईरान, यमन के लिए मानवताप्रेमी सहायता की तीन खेपें रवाना कर चुका है किंतु सऊदी अरब की हठधर्मी और बाधाएं उत्पन्न करने के कारण यह खेपें, यमन की अत्याचारग्रस्त जनता तक नहीं पहुंच सकीं।